मुख्य समाचार

समय पर धान की रोपनी के लिए मिलेगा डीजल अनुदान 

धान की रोपाई समय पर हो जाए। इसके लिए बिहार सरकार ने डीजल अनुदान देने का निर्णय लिया है। डीजल पंपसेट से सिंचाई करने पर प्रति लीटर 75 रुपये की दर से अनुदान मिलेगा। एक किसान परिवार को अधिकतम आठ एकड़ सिंचाई के लिए अनुदान मिल रहा है। 

प्रति एकड़ सिंचाई के लिए 750 रुपये की दर से अनुदान देने की व्यवस्था की गई है। कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। इस मौके पर कृषि निदेशक डॉ आलोक रंजन घोष भी मौजूद रहे।   

कृषि मंत्री ने बताया कि बिहार में अब तक 45 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस कारण धान समेत  खरीफ फसल की रोपाई प्रभावित हुई है। सामान्य रूप से अब तक 442.3 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन मात्र 242.2 मिलीमीटर ही वर्षा हो सकी है। 

डीजल अनुदान का लाभ कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल में ऑनलाइन पंजीकृत किसानों को ही मिलेगा। परिवार के किसी एक सदस्य को ही अनुदान का लाभ दिया जाएगा। यदि एक साथ पति-पत्नी एवं उनके पुत्र-पुत्री रहते हैं, तो उन्हें एक परिवार माना जाएगा। ऐसी स्थिति में एक ही आवेदन लिया जाएगा। 

परिवार के विभाजन की स्थिति में अलग-अलग आवेदन स्वीकार किया जाएगा। शर्त यह है कि एक ही भूमि के लिए आवेदन नहीं दिया गया हो। वैसे किसान जो दूसरे की जमीन पर खेती करते हैं (गैर रैयत), उन्हें संबंधित वार्ड सदस्य या वार्ड पार्षद या मुखिया या सरपंच या पंचायत समिति सदस्य में से किसी एक जनप्रतिनिधि एवं कृषि समन्वयक के संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज देनी होगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार डीजल अनुदान के अलावा डेडिकेटेड एग्रीकल्चर फीडर के माध्यम से किसानों को खेती के लिए 75 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली आपूर्ति कर रही है। कृषि फीडर से 12 घंटे बिजली आपूर्ति की सुविधा है।


संबंधित खबरें