एनटीपीसी बाढ़ सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के स्टेज वन की चौथी यूनिट से बिजली उत्पादन शुरू हो गया है। इस यूनिट की क्षमता 660 मेगावाट है। विद्युत मंत्रालय के तय आवंटन के अनुसार इस यूनिट से साठ प्रतिशत यानि 396 मेगावाट की अतिरिक्त बिजली आपूर्ति गृह राज्य बिहार को शुरू हो गई है।
शेष चालीस प्रतिशत बिजली झारखंड, ओडिशा और सिक्किम राज्यों को मिल रही है। बाढ़ संयंत्र से बिहार का बिजली कोटा 1526 मेगावाट से बढ़कर 1922 मेगावाट हो गया है। 21000 करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से बनने वाली बाढ़ संयंत्र की कुल वाणिज्यिक उत्पादन क्षमता 1980 मेगावाट से बढ़कर अब 2640 मेगावाट हो गई है।

एनटीपीसी के प्रवक्ता विश्वनाथ चंदन ने बताया कि बिहार में एनटीपीसी के छह उत्पादन संयंत्रों से बिहार का बिजली आवंटन 6891 मेगावाट से बढ़कर 7287 मेगावाट हो गया है। इसमें 300 मेगावाट सौर ऊर्जा भी शामिल है। बाढ़ संयंत्र के स्टेज वन की पांचवीं एवं आखिरी यूनिट 2024 में पूरी हो जाएगी।
बाढ़ स्टेज वन की पहली इकाई का वाणिज्यिक लोकार्पण नवंबर,2021 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने किया था। बाढ़ प्रोजेक्ट के कार्यकारी निदेश असित दत्ता ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होने पर सभी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम ने रिकॉर्ड समय में सभी एजेंसियों के सहयोग से इस कठिन लक्ष्य को पूरा किया है।