केंद्र सरकार उपभोक्ताओं को सस्ती दर पर चना दाल उपलब्ध करा रही है। खुदरा पैक में एक किलोग्राम चना दाल की कीमत 60 रुपये और 30 किलोग्राम के पैक में दाल की कीमत 55 रुपये है। ‘भारत दाल’ ब्रांड नाम से चना दाल नेफेड, राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (एनसीसीएफ), केंद्रीय भंडार और सफल की खुदरा दुकानों पर उपलब्ध है।
केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने यह जानकारी लोकसभा में दी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सस्ती कीमत पर दाल उपलब्ध कराने के लिए सरकार मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) के अंतर्गत पांच प्रमुख दाल चना, अरहर, उड़द, मूंग और मसूर का बफर स्टॉक रखती है। इस स्टॉक से बाजार के अलावा दालों की आपूर्ति राज्यों को उनकी कल्याणकारी योजनाओं, सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को भी की जाती है।
एक प्रश्न के जवाब में अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि दालों की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए अरहर और उड़द के आयात को 31 मार्च 2024 तक मुक्त श्रेणी में रखा गया है। मसूर पर आयात शुल्क 31 मार्च 2024 तक शून्य है। जमाखोरी को रोकने के लिए अरहर और उड़द के स्टॉक पर 31 अक्टूबर 2023 तक के लिए नियंत्रण सीमा लगा दी गई है।