मुख्य समाचार

बिहार में चाय का उत्पादन बढ़ाने में जुटा कृषि विभाग 

चाय उत्पादन के क्षेत्र में बिहार देश में पांचवें स्थान पर है। राज्य में चाय का उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि विभाग में लगातार मंथन चल रहा है। उद्यान निदेशालय की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने चाय के लिए एक विशेष योजना बनाने का निर्देश दिया। 

चायपत्ती ढोने के लिए उत्पादकों को अनुदान पर वाहन उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इससे उन्हें बगान से चायपत्ती तोड़कर प्रोसेसिंग प्लांट कम समय में भेजने में सुविधा होगी और चायपत्ती की गुणवत्ता भी बनी रहेगी। 

बिहार में चाय प्रसंस्करण यूनिट को बढ़ावा देने के लिए इंडस्ट्रीयल फीडर से बिजली आपूर्ति के लिए कृषि विभाग के अधिकारी शीघ्र ऊर्जा विभाग से संपर्क करेंगे।

मशरूम एवं मखाना : मशरूम एवं मखाना के उत्पादन में बिहार देश में अव्वल है। कृषि मंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा कि मशरूम के लिए जरूरत है कि इसकी सही तरीके से मार्केटिंग हो। किसानों को मजबूरी में मखाना नहीं बेचना पड़े। इसके लिए मखाना के भंडारण की व्यवस्था होनी चाहिए। मखाना भंडारण के लिए किसानों को अनुदान पर उच्च गुणवत्तायुक्त वाले बैग उपलब्ध कराने का मंत्री ने निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले में मखाना के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी।

समीक्षा में ड्रैगन फ्रूट, अनानास, केला एवं पान के उत्पादन पर भी चर्चा हुई। कृषि मंत्री ने बताया कि वैशाली जिला में पान के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा। प्याज भंडारण के लिए भी एक योजना बनेगी। 

बैठक में कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार एवं कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें