केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलिंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत में 200 रुपये की बड़ी कटौती की है। नई कीमत 30 अगस्त से लागू होगी। पटना में अब घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 1201 रुपये से घटकर 1001 रुपये और दिल्ली में 903 रुपये हो जाएगी।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कहना है कि रक्षाबंधन पर दाम घटाकर केंद्र सरकार ने बहनों को तोहफा दिया है। देश के 33 करोड़ उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। इनमें 9.6 करोड़ पीएम उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थी हैं। इस निर्णय से सरकार पर चालू वित्त वर्ष में 7680 करोड़ का बोझ आएगा।
पीएम उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को अब प्रति सिलिंडर 400 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। पहले से उन्हें 200 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी मिल रही है। पटना में पीएमयूवाई लाभार्थियों को रसोई गैस के लिए अब 1001 रुपये की जगह 801 रुपये और दिल्ली में 703 रुपये देना होगा।
मंत्रालय का कहना है कि निर्धन परिवार की 75 लाख महिलाओं को शीघ्र पीएमयूवाई कनेक्शन दिया जाएगा। इससे पीएमयूवाई लाभार्थियों की संख्या 9.6 करोड़ से बढ़कर 10.35 करोड़ हो जाएगी।