जी 20, नई दिल्ली शिखर सम्मेलन के मुख्य केंद्र भारत मंडपम में उपलब्ध हर सामान भारतीय संस्कृति और कला को संजोए हुए है। बिहार की संस्कृति से मेहमानों को रू-ब-रू कराने के लिए राज्य सरकार क्राफ्ट बाजार में हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शित कर रही है।
मधुबनी पेंटिंग्स, भागलपुरी सिल्क, टिकुली, मंजुषा और सिक्की आर्ट्स यहां उपलब्ध हैं। बिहार की इन कलाओं को आधुनिक तरीके से सजाया गया है, ताकि बिहार की कला-संस्कृति विदेशों में भी लोकप्रिय हो सके। दिल्ली में रेजीडेंट कमिश्नर कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार का गौरवशाली अतीत रहा है। स्टॉल के माध्यम से मेहमान बिहार की संस्कृति से परिचित होंगे।
भारत मंडपम में क्राफ्ट बाजार हॉल नंबर 3 में है। इसका उद्देश्य देश की संस्कृति को बताते हुए हर राज्य के उत्पादों को प्रदर्शित करना है। बिहार के उत्पादों के अलावा क्राफ्ट बाजार में अन्य राज्यों की बेहतरीन साड़ी, कुर्ता, बैग, मूर्ति एवं हैंडमेड आइटम उपलब्ध हैं।