मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि महिला आरक्षण बिल संसद से पास हो गया है। महिला आरक्षण को जल्दी से लागू करना चाहिए। समय पर जनगणना नहीं होने के कारण अब इसमें देरी होगी। जिस तरह से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं को आरक्षण दिया गया है, उसी तरह इसमें पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण मिलना चाहिए।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री की जयंती पर आयोजित राजकीय समारोह के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होने कहा कि हमने महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया है। इस बिल के लागू होने पर महिलाओं का काफी उत्थान होगा। हमलोगों ने अपने राज्य में महिलाओं के उत्थान के लिए काफी काम किया है।
जाति आधारित जनगणना के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग शुरू से इसकी मांग करते रहे हैं। जनगणना का काम वर्ष 2021 में नहीं हो सका। सभी काम होने से जनता को काफी फायदा होगा। लोगों को उनकी स्थिति के बारे में जानकारी मिलेगी। इससे उनके हित में काम किए जा सकेंगे।