प्रसिद्ध अभिनेत्री वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीदा रहमान ने प्यासा, कागज के फूल, चौदहवी का चांद, साहेब बीवी और गुलाम, गाइड, नील कमल, खामोशी और कई हिंदी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए ख्याति अर्जित की है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने वहीदा रहमान को वर्ष 2021 के लिए 53वें दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की। 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान उन्हें यह पुरस्कार मिलेगा।

पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित वहीदा रहमान ने फिल्मों में अपनी भूमिकाओं को बेहद कुशलता से निभाया। फिल्म रेशमा और शेरा में उत्कृष्ट भूमिका के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया।
अपने पांच दशक से लंबे करियर में 90 से अधिक फिल्मों में उन्होंने काम किया है। चयन समिति के सदस्य आशा पारेख, चिरंजीवी, परेश रावल, प्रसेनजीत चटर्जी एवं शेखर कपूर ने वहीदा रहमान का चयन दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए किया है।