मुख्य समाचार

हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। बांका में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हिंदी महत्वपूर्ण भाषा है। हम हमेशा कहते हैं कि हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करें। सरकारी भवनों पर अंग्रेजी की जगह हिंदी भाषा में ही सूचना अंकित कराएं।

आरएमके हाई स्कूल, बांका में डिजिटल लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने इंजीनियरिंग की पढ़ाई अंग्रेजी में की है। अंग्रेजी भाषा भी आवश्यक है, लेकिन हमारी सरकारी भाषा हिंदी और उर्दू है। अधिक से अधिक लोग हिंदी पढ़ना जानते हैं। हम चाहते हैं कि हिंदी का प्रयोग ज्यादा से ज्यादा हो ताकि कोई भी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें। 

यदि कोई सूचना लोगों तक पहुंचानी है, तो इसके लिए हिंदी के अतिरिक्त उर्दू का प्रयोग करें। सरकारी भवनों पर हिंदी भाषा में ही सूचनाएं अंकित की जानी चाहिए। जब हम सांसद और केंद्र में मंत्री थे, तभी से अपना नाम हिंदी में लिखते हैं। 

मुख्यमंत्री ने बांका में जीर्णाेद्धार कराये गये इंडोर स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। स्टेडियम में बैंडमिंटन खिलाड़ियों से मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बहुत जरूरी है। इससे शारीरिक और मानसिक विकास ठीक रहता है। इस दौरान स्थानीय महिला कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

आरएमके हाई स्कूल खेल परिसर में ‘अभियान बसेरा’ के तहत मुख्यमंत्री ने पहाड़िया जनजाति से जुड़ी पांच महिलाओं को सांकेतिक बासगीत पर्चा दिया। कार्यक्रम में मौजूद 1015 लाभार्थियों ने बासगीत पर्चा उठाकर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।  इस मौके पर मिशन संकल्प’ पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। 
 


संबंधित खबरें