जाति आधारित गणना की रिपोर्ट पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विधानमंडल के नौ दलों की बैठक हुई। सभी नेताओं ने रिपोर्ट पर अपनी राय एवं सुझाव दिये। उन्होंने जाति आधारित गणना कराये जाने पर मुख्यमंत्री की सराहना की।
बैठक में डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हरी सहनी, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खां, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, वित मंत्री विजय कुमार चौधरी, एआईएमआईएम के अख्तरूल ईमान, भाकपा माले के महबूब आलम, सीपीआई के सूर्यकांत पासवान एवं सीपीआई (एम) के अजय कुमार मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति आधारित गणना की रिपोर्ट में सभी वर्गों की डिटेल जानकारी दी गई है। सभी दलों की राय से हमलोग राज्य के हित में इस पर काम करेंगे। हमलोगों का मकसद सभी का विकास करना है। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव डॉ बी. राजेंदर ने बिहार जाति आधारित गणना की रिपोर्ट का प्रेजेंटेशन दिया।