पटना के ज्ञान भवन में बिहार बिजनेस कनेक्ट 2023 का आयोजन 13 एवं 14 दिसंबर को होने जा रहा है। इसमें देश-विदेश के 600 से अधिक उद्यमी और निवेशक भाग लेंगे। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं कई मंत्री भी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होंगे।
मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने बताया कि बिहार में औद्योगिक विकास के लिए अच्छा माहौल बना है। हम उद्योग जगत को बताना चाहते हैं कि बिहार में निवेश करना एवं नये उद्योग लगाना उनके लिए फायदेमंद होगा।
बिहार सरकार ने उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई प्रोत्साहन नीतियां एवं आधारभूत संरचनाओं का विकास किया है। प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल शेड जैसी सुविधाओं ने निवेशकों को बिहार में उद्योग लगाने के लिए आकर्षित किया है।

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरिक ने कहा कि बिहार की औद्योगिक नीतियों के बारे में निवेशकों को बताने के लिए चेन्नई, तिरुपुर, बेंगलुरु, मुंबई, नई दिल्ली, चंडीगढ़ और कोलकाता में इन्वेस्टर्स मीट आयोजित किये गये।
संयुक्त राज्य अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, बांग्लादेश, ताइवान एवं जापान में भी इन्वेस्टर्स मीट आयोजित कर निवेशकों को बिहार में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चार प्रमुख क्षेत्र टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, आईटी एवं टूरिजम क्षेत्र में निवेश के अवसरों की जानकारी देने वाली पुस्तिकाओं का भी विमोचन किया गया।
इस मौके पर उद्योग विभाग के निदेशक पंकज दीक्षित, विशेष सचिव दिलीप कुुमार एवं विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।