बिहार में शिक्षक नियुक्ति के दूसरे चरण में 96,823 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिला। गांधी मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उच्च माध्यमिक, माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के 12 शिक्षकों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया। पहले चरण में 2 नवंबर, 2023 को 1 लाख 20 हजार 336 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिल चुका है।
दूसरे चरण में चयनित 96,823 शिक्षकों में 51 प्रतिशत महिलाएं हैं। इस नियुक्ति के बाद अब बिहार में छात्र-शिक्षक अनुपात 35 :1 हो गया है। यह शिक्षा की दिशा में प्रभावी कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड एवं झारखंड से भी शिक्षक नियुक्त हुए हैं। शिक्षकों के शेष पदों पर भी शीघ्र नियुक्ति होेगी। राज्य सरकार चाहती है कि बच्चों की पढ़ाई बेहतर ढंग से हो।
एक से डेढ़ साल के अंदर बिहार सरकार 10 लाख नौकरी और 10 लाख लोगों को रोजगार देने का वादा पूरा करेगी। शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों में रिक्त पदों पर बहाली होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत समिति एवं नगर निकायों के माध्यम से 3 लाख 68 हजार शिक्षकों का नियोजन हुआ है। नियोजित शिक्षकों को भी बहुत जल्द सरकारी शिक्षक बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू की जायेगी। इसके लिए सामान्य परीक्षा होगी। इसमें उत्तीर्ण होनेवाले सभी नियोजित शिक्षक सरकारी शिक्षक बन जायेंगे। परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए उन्हें तीन अवसर मिलेगा।
समारोह को डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने भी संबोधित किया।