बिहार में ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे राज्य में 29 जनवरी तक शीत दिवस (कोल्ड डे) से अति शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। कुछ जिलों में घना कोहरा भी रहेगा।
24 जनवरी को सबसे कम तापमान गया (5.4 डिग्री) और बांका में (5.6 डिग्री) रहा।
पटना, दरभंगा, शेखपुरा, जमुई, बक्सर, वैशाली, नवादा, सीवान एवं समस्तीपुर जिलों में भीषण शीत दिवस दर्ज किया गया। गोपालगंज, डेहरी, औरंगाबाद एवं कैमूर जिलों में शीत दिवस की स्थिति रही।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि राज्य के निचले क्षोभमंडल में बर्फीली पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवा का प्रवाह जारी है। इस कारण बिहार में शीत दिवस से अति शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग के विश्लेषण के अनुसार पहला पश्चिमी विक्षोभ 25 जनवरी से और दूसरा 27 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इस कारण राज्य के अधिकतर भागों में इस दौरान शीत दिवस से अतिशीत दिवस जैसी स्थिति बनी रहेगी।