मुख्य समाचार

बिहार की जीडीपी में कृषि क्षेत्र का 19% योगदान 

बिहार की जीडीपी में कृषि क्षेत्र का योगदान लगभग 19 प्रतिशत है। इसलिए बिहार के विकास के लिए कृषि का विकास सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है। उनकी हर समस्या का समाधान किया जायेगा। 

एनडीए सरकार के डिप्टी सीएम सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कृषि विभाग का कार्यभार संभालने के बाद अपने विचारों को रखा।

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि रोड मैप के अंतर्गत योजनाओं को और भी पारदर्शी तरीके से जमीन पर उतारा जायेगा। किसानों को उत्पाद की अच्छी कीमत, समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद, कीटनाशक एवं कृषि यंत्र उपलब्ध कराया जायेगा। 

कृषि क्षेत्र में खासकर फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं। इसके लिए प्रभावी कार्यक्रम बनाये जायेंगे। हर खेत तक सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक बिहार के 83 लाख से अधिक किसानों को 17 हजार करोड़ की राशि का भुगतान किया गया है। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी गयी है। 

इस अवसर पर कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल, कृषि निदेशक डॉ आलोक रंजन घोष एवं उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार भी मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें