मुख्य समाचार

12 फरवरी से बिहार विधानमंडल का बजट सत्र

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र 12 फरवरी से शुरू हो रहा है। इसी दिन बिहार की नई एनडीए सरकार अपना बहुमत साबित करेगी। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के खिलाफ एनडीए ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है।

वे महागठबंधन सरकार में आरजेडी कोटा से विधानसभा अध्यक्ष बनाये गये थे। 12 फरवरी को पहले वर्तमान अध्यक्ष को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। उसके बाद नई सरकार अपना बहुमत साबित करेगी।   

बिहार विधानसभा में 243 सदस्य हैं। बहुमत के लिए 122 विधायकों का समर्थन चाहिए। एनडीए सरकार का दावा है कि उसे 128 विधायकों का समर्थन है। महागठबंधन के साथ 115 विधायक हैं। 

महागठबंधन की ओर से कहा जा रहा है कि फ्लोर टेस्ट के दिन स्थिति बदल सकती है। जदयू के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। एनडीए में शामिल दलों का कहना है कि हम एकजुट हैं। हमारा कोई भी सदस्य महागठबंधन में जाने वाला नहीं है।  

इधर, एक मार्च तक चलने वाले सत्र को लेकर पटना जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से  आवश्यक निर्देश दिये गये हैं। सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार विधानमंडल परिसर में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। परिसर के समीप धारा 144 लागू रहेगी। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। क्यूआरटी भी सक्रिय रहेगा। 
 


संबंधित खबरें