पटना के गांधी मैदान में तीन दिवसीय (16-18 फरवरी) बागवानी महोत्सव का शुभारंभ डिप्टी सीएम सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया। इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि बागवानी से जुड़े किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए बागवानी महोत्सव का आयोजन किया गया है।
कृषि विभाग अच्छे उत्पादन के साथ किसानों को उचित मूल्य मिले, भंडारण, प्रसंस्करण एवं मूल्यसंवर्धन की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की अर्थव्यवस्था में बागवानी खासकर फल, सब्जी एवं मसाला की खास भूमिका है। बिहार में 13.48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बागवानी फसल की खेती होती है। अब बिहार में स्ट्रॉबेरी, ड्रैगनफ्रूट एवं सेब की भी खेती हो रही है।
कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने भी अपने विचारों को रखा। बिहार के उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार, गुजरात के उद्यान निदेशक पीएम वघासिया, बसोका के निदेशक शंकर कुमार चौधरी, बामेती के निदेशक आभांशु सी. जैन, कृषि वैज्ञानिक एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
इन्हें मिला अनुदान : समेकित बागवानी विकास मिशन के तहत अनुदान के रूप में बेगूसराय के मृगेंद्र मल्टी कोल्ड स्टोरेज को 35 लाख रुपये, मशरूम उत्पादन इकाई के लिए पटना के स्वाति राय और नवादा के मनोज कुमार को 5-5 लाख, गया के डायमंड कुमार को रेफ्रिजरेटर वैन के साथ 4.55 लाख का चेक दिया गया।
बिहार कृषि निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत भंडारी फीड्स प्राइवेट लि. मुजफ्फरपुर के पंकज एवं एसपीडी स्नैक्स इंडस्ट्रीज पटना के सुजीत सिंघानिया को अनुदान के रूप में 37.50-37.50 लाख रुपये का चेक मिला ।