प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेतिया से देश के लिए 12,800 करोड़ रुपये की रेल, सड़क, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस संबंधित कई परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें सुगौली और लौरिया में एचबीएल की अनाज आधारित इथेनॉल परियोजनाएं भी शामिल हैं।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए बेतिया से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती है। इसी धरती ने मोहन दास से महात्मा गांधी को जन्म दिया।
प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए रेल, सड़क, इथेनॉल संयंत्र, शहरी गैस आपूर्ति और एलपीजी सहित कई परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए इस गति को बनाए रखने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गन्ने का खरीद मूल्य बढ़ाकर 340 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। दुनिया की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना शुरू हो गई है, जहां बिहार समेत देश में हजारों गोदाम बनेंगे।
पीएम किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए मोदी ने बताया कि बेतिया के किसानों को इस योजना के तहत अब तक 800 करोड़ राशि मिली है। बरौनी खाद कारखाना के शुरू हो जाने से लोगों को रोजगार भी मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने पश्चिमी चंपारण जिले की थारू जनजाति की भी चर्चा की। उन्होंने लोगों से प्रकृति प्रेमी थारू समुदाय से प्रेरणा लेने को कहा। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय, सांसद संजय जायसवाल भी मौजूद रहे।