नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
प्रधानमंत्री के साथ 71 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें 30 कैबिनेट मंत्री, 5 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 राज्यमंत्री हैं। बिहार एनडीए से आठ सांसद मंत्री बनाये गये हैं। इनमें बीजेपी से चार, जदयू से दो, हम और लोजपा (आर) से एक -एक मंत्री हैं।
जीतन राम मांझी (हम), राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (जदयू), गिरिराज सिंह (बीजेपी) एवं चिराग पासवान (लोजपा रामविलास) ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
राज्य मंत्री के तौर पर रामनाथ ठाकुर (जदयू), नित्यानंद राय (बीजेपी), सतीश चंद्र दुबे (बीजेपी) और राजभूषण चौधरी (बीजेपी) ने शपथ ली। रामनाथ ठाकुर और सतीश चंद्र दुबे राज्यसभा से सदस्य हैं। शेष छह लोकसभा सदस्य हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में बिहार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, राज्यसभा सांसद संजय झा मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार एनडीए को 30 सीटों पर सफलता मिली है । इनमें बीजेपी-जदयू को 12-12, लोजपा (रामविलास) को 5 और हम पार्टी को एक सीट मिली है।