मुख्य समाचार

पटना के ज्ञान भवन में आम महोत्सव का शुभारंभ

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ज्ञान भवन में दो दिवसीय (22-23 जून) आम महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न प्रजाति के आमों को देखा और उनकी विशेषताओं की जानकारी ली। 
मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादक समूह एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को अनुदान राशि का चेक भी दिया। 

आम महोत्सव के उद्घाटन के बाद तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया। इसमें आम उत्पादक किसान, निर्यातक, प्रसंस्करणकर्ता एवं वैज्ञानिकों ने भाग लिया। बिहार में आम के परिदृश्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विपणन के लिए सप्लाई चेन की मजबूती पर चर्चा की गई। 

कृषि मंत्री मंगल पांडे ने आम के उत्पादन और ब्रांडिंग के लिए तीन लक्ष्यों पर काम करने का जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम के उत्पादन को बढ़ाना हमारा पहला लक्ष्य होगा। आम की वैसी किस्म जो राज्य में नहीं होती है, उसे बढ़ाना हमारा दूसरा लक्ष्य है। बिहार में हरित आवरण बढ़ाने के लिए बगीचा को बढ़ाना तीसरा लक्ष्य होगा। 

कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से राज्य में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) का कार्यालय खोलने के लिए अनुरोध किया जाएगा। एपीडा का कार्यालय राज्य में खुलने से आम और अन्य बागवानी फसलों के निर्यात में आसानी होगी। कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल नेे भी अपने विचारों को रखा। 


संबंधित खबरें