मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से कहा है कि विधि-व्यवस्था सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अपराध नियंत्रण में किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। अपराधियों पर पूरी सख्ती से कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री गृह विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई करें। अपराध अनुसंधान काम में तेजी लाएं ताकि दोषियों पर जल्द कार्रवाई हो सके।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने के लिए वरीय पदाधिकारी क्षेत्र में जाकर औचक निरीक्षण करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमि विवाद से होने वाली हत्याएं अब कम हो रही हैं। यह 60 प्रतिशत से घटकर 46.69 प्रतिशत हो गयी है। लैंड सर्वे एंड सेटलमेंट का काम हो जाने पर भूमि विवाद से होनेवाली घटनाएं काफी कम हो जाएंगी।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार और डॉ एस.सिद्धार्थ, गृह रक्षा वाहिनी की डीजी शोभा अहोतकर, गृह विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी, विशेष सचिव केएस अनुपम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।