वीमेंस हॉकी एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी 2024 की मेजबानी बिहार कर रहा है। राजगीर खेल स्टेडियम में 11 से 20 नवंबर तक ट्रॉफी का आयोजन होगा। इसमें छह देश भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाइलैंड की महिला टीम शामिल होगी। ट्रॉफी का शुभंकर ‘गुड़िया’ है। यह बिहार की राज्य पक्षी गोरैया से प्रेरित है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीमेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के लोगो और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी के सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार पूरी कोशिश करेगी। इस दौरान भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सेलेमा टेटे और उपकप्तान नवनीत कौर भी मौजूद रहीं।
ट्रॉफी के शुभंकर गुड़िया के हाथ में हॉकी स्टिक है। बोधि वृक्ष और हॉकी स्टिक को लोगो के रूप में रखा गया है। बोधि वृक्ष ज्ञान, सद्भाव, सहिष्णुता और विकास का प्रतीक है। यह बिहार के समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक इतिहास से जोड़ता है। ‘हॉकी स्टिक’ भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी का प्रतीक है।
भारतीय महिला हॉकी टीम की उप कप्तान नवनीत कौर ने कहा हमलोग दुनिया के कई स्टेडियम में खेल चुके हैं, लेकिन आधुनिक और पुरातन शैली के समन्वय से जितना शानदार हॉकी स्टेडियम राजगीर में बना है। वह अद्भुत है। हमें बिहार और देश पर गर्व है।
इस अवसर पर खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ बी. राजेंदर और निदेशक महेंद्र कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।