मुख्य समाचार

पटना में वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी गौरव यात्रा का शुभारंभ 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग से महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी गौरव यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने ट्रॉफी का अनावरण किया और गौरव यात्रा बस में एकलव्य स्पोर्ट्स स्कूल की बच्चियों को ट्रॉफी सौंपी। 

गौरव यात्रा 14 अक्टूबर से 10 नवंबर तक हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और झारखंड राज्यों के अलावा बिहार के सभी 38 जिलों से गुजरेगी।

बिहार के राजगीर खेल परिसर में पहली बार 11 नवंबर से 20 नवंबर 2024 तक अंतरराष्ट्रीय वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हो रहा है। इसी सदंर्भ में ट्रॉफी गौरव यात्रा शुरू की गई है। गौरव यात्रा जहां-जहां पहुंचेगी, वहां स्थानीय प्रशासन के सहयोग से ट्रॉफी के सम्मान में कार्यक्रम किये जायेंगे।

वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीम हिस्सा ले रही है। 2023 का विजेता होने के कारण ट्रॉफी भारत के पास है। 

गौरव यात्रा के शुभारंभ के मौके पर खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, डीजीपी आलोक राज, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ बी. राजेंदर, बिहार खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें