मुख्य समाचार

बिहार में 1239 सब इंस्पेक्टर को मिला नियुक्ति पत्र 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवनियुक्त 1239 पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) को नियुक्ति पत्र दिया। इनमें 442 महिलाएं हैं। बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पुलिसबल की संख्या 2.29 लाख होनी चाहिए। अभी यह 1.10 लाख है। 21 हजार की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। 20 हजार की नियुक्ति के लिए काम हो रहा है। 

उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आलोक राज को अगले छह महीने में शेष 78 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में पुलिस की बड़ी भूमिका है। हमने पुलिसिंग सिस्टम को ठीक किया है। थानों में केस के अनुसंधान और विधि-व्यवस्था को अलग किया गया है। रात के साथ दिन में भी पुलिस गश्ती की व्यवस्था की गई है। 

आज बिहार पुलिसबल में महिलाओं की संख्या लगभग 30 हजार हो गई है। यह देश में सर्वाधिक है। महिला पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति होने से महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने में सहूलियत हो रही है। 

डीजीपी आलोक राज ने नवनियुक्त एसआई को विभागीय शपथ और मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने मद्यनिषेध की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और गृह विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया। 

सीएम ने सांकेतिक रूप से एसआई मधु कश्यप, गौतम कुमार, शोभा रानी, लाडली कुमारी, शिवेश कुमार झा, कोमल कुमारी, रीना कुमारी और रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र दिया। 
 


संबंधित खबरें