मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले चरण में 1.52 लाख किसानों के खाते में 101 करोड़ राशि ट्रांसफर की। किसानों को यह राशि बाढ़ से हुई फसल क्षति की भरपाई के लिए दी गई है।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और कृषि मंत्री मंगल पांडे मौजूद रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राज्य सरकार हर सहायता उपलब्ध करा रही है। आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए सरकार तत्पर है। पहले चरण के बाद शेष किसानों के खाते में भी राशि भेज दी जाएगी।
कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि बाढ़ से पहले चरण में 16 जिलों के 66 प्रखंड एवं 580 पंचायत और दूसरे चरण में 16 जिलों के 69 प्रखंड एवं 580 पंचायतों के कृषि क्षेत्र प्रभावित हुए।
प्रत्येक किसान को सिंचित क्षेत्र के लिए 17 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर, असिंचित क्षेत्र के लिए 8500 रुपये प्रति हेक्टेयर और शाश्वत फसल के लिए 22 हजार 500 रुपये प्रति हेक्टेयर का कृषि इनपुट अनुदान मिल रहा है। प्रत्येक किसान को अधिकतर दो हेक्टेयर के लिए अनुदान मिलेगा।