वीमेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। राजगीर खेल परिसर में आयोजित फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हराया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भारत की जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि राज्य सरकार विजेता टीम के सभी सदस्य एवं टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह को 10-10 लाख राशि से पुरस्कृत करेगी। टीम के सपोर्ट स्टाफ को भी 5-5 लाख राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि बिहार में पहली बार आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी में भारत ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ खेलते हुए इस चैंपियनशिप में शामिल मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और थाइलैंड को पराजित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह जीत भारतीय महिला हॉकी टीम की कड़ी मेहनत, ऊर्जा और धैर्य के साथ दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम को भविष्य के लिए भी उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम को भविष्य के लिए भी शुभकामनाएं दी है।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने राजगीर खेल परिसर में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल मैच का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन और इसके लिए अनुकूल वातावरण का निर्माण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की देन है।