मुख्य समाचार

2025 में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करेगा बिहार : मांडविया

बिहार अप्रैल 2025 में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करेगा। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय का बिहार में यह आयोजन देश में खेलो इंडिया का एक नया अध्याय होगा। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने पटना में यह जानकारी दी। 

केंद्रीय खेल मंत्री दो दिवसीय दौरे पर 20 नवंबर को बिहार आये थे। उन्होंने राजगीर में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी का फाइनल मैच देखा और विजेता टीम भारत को ट्रॉफी प्रदान की। 21 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। बापू टावर देखने के बाद वे दिल्ली लौट गए। 

डॉ मांडविया ने बताया कि 2025 में बिहार एक नहीं बल्कि दो खेलों की मेज़बानी करेगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में खेल की अहम भूमिका होगी। बिहार ने राजगीर में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेजबानी कर अपनी क्षमता दिखाई है। 

ग्रीष्मकालीन ओलंपिक की तर्ज पर बिहार में खेलो इंडिया पैरा गेम्स भी आयोजित किए जाएंगे। पैरा गेम्स युवा खेलों के बाद होंगे। दोनों खेलों के बीच 10 से 15 दिनों का अंतर होगा। पैरा गेम्स का आयोजन 2023 में पहली बार दिल्ली में हुआ था। 

डॉ मांडविया ने कहा कि हम खिलाड़ियों को देश में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। बिहार की समृद्ध विरासत सभी के लिए महत्वपूर्ण है। 
 


संबंधित खबरें