मुख्य समाचार

भारतीय महिला हॉकी टीम को बिहार सरकार ने किया सम्मानित

वीमेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्मानित किया। पटना के बापू सभागार में आयोजित समारोह में भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी और मुख्य प्रशिक्षक को 10-10 लाख एवं टीम के हर सर्पोटिंग स्टाफ को 5-5 लाख राशि दी गई।

वीमेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी और सहयोगियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता भी मौजूद रहे। 

वीमेंस हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन राजगीर खेल परिसर में 11 से 20 नवंबर तक हुआ था। फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से पराजित किया।

भारतीय महिला हॉकी टीम : मुख्य कोच हरेंद्र सिंह, कप्तान सलिमा टेटे, उप कप्तान नवनीत कौर, खिलाड़ी शर्मिला, बिचू खारिबाम, प्रिया सिरोही, सविता, संगीता कुमारी, मुमताज खान, उदिता, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, लाल रेम्सियामी, बलजीत कौर, ज्योति, सुशीला चानू पुखरामबम, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, प्रीति दुबे, मनीषा चौहान, इशिका चौधरी, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका। 

सर्पाेटिंग स्टाफ : बिलावा सुरेश अंकिता, एड्रियन डिसूजा, आर्थर लुकास, डेव स्मोलेनार्स, राखी विनय दरने, प्रिया सिरोही, एडिसन एलियास, फ्रांसिस पुष्पावती और अमुथा प्रकाश पेरुमल। 

नालंदा विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर अभय कुमार सिंह, भवन निर्माण विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, बिहार पुलिस अकादमी, नालंदा एवं गया जिला प्रशासन को प्रशस्ति पत्र मिला।

कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ बी. राजेंदर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार भी मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें