मुख्य समाचार

विकसित भारत का मजबूत इंजन बनेगा बिहार : पीएम मोदी

PM Modi's visit to Siwan : सिवान जिले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार को विकसित भारत का मजबूत इंजन बनाएंगे। हम सभी मिलकर बिहार का प्राचीन गौरव फिर से लौटाएंगे। बिहार की तेज प्रगति के लिए जो लांचिंग पैड चाहिए, वह तैयार हो चुका है। अब बिहार को तरक्की की नई बुलंदी देनी है।

उन्होंने कहा कि मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। इस दौरे में मेरी दुनिया के समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सभी नेता भारत की तेज प्रगति से प्रभावित हैं। वे भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं। निश्चित तौर पर इसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। बिहार समृद्ध होगा और देश की समृद्धि में भी बड़ी भूमिका निभाएगा। 

प्रधानमंत्री सिवान जिला के पचरूखी प्रखंड के जसौली खर्ग गांव में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने आवास, शहरी विकास, जल शक्ति, बिजली और रेल से जुड़ी 29 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। 

इन परियोजनाओं की लागत 5900 करोड़ रुपये है। सिवान, सासाराम, बक्सर, मोतिहारी, बेतिया और आरा जिलों के विकास में इन परियोजनाओं की बड़ी भूमिका होगी। 

इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा,केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, गिरिराज सिंह, ललन सिंह, चिराग पासवान, रामनाथ ठाकुर, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे एवं राजभूषण चौधरी, सांसद उपेंद्र कुशवाहा, प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल एवं कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें