Modern silo grain warehouse in Khagaria : खगड़िया जिले के पसराहा में 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता के आधुनिक साइलो अनाज गोदाम का उद्घाटन केंद्रीय उपभोक्ता मामले,खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किया। गोदाम की लागत 110 करोड़ है। कम जगह में अनाज भंडारण के लिए साइलो गोदाम उपयुक्त है। आधुनिक यंत्रों के उपयोग से अनाज की सुरक्षा भी बढ़ जाती है।

बिहार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह भी मौजूद रहीं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्टील से बना साइलो गोदाम पूरी तरह यंत्रीकृत है। भंडारण के दौरान अनाज खराब नहीं होगा और स्टोरेज लॉस में कमी आएगी।
इस तरह के साइलो गोदाम के निर्माण की अवधारणा 2014 में रखी गयी। उन्होंने वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट की चर्चा करते हुए कहा कि 11 वर्षों में एक्स्ट्रीम पॉवर्टी रेट 27 प्रतिशत से घटकर लगभग 5 प्रतिशत रह गई है। इस दौरान लगभग 26 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर हुए हैं।
पीएम गरीब कल्याण योजना का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके तहत लगभग 80 करोड़ देशवासियों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। यह संख्या कई यूरोपीय देशों की जनसंख्या से भी ज्यादा है।