बिहार सरकार की पान विकास योजना के अंतर्गत मगही एवं देशी पान की खेती करने वाले किसानों को अनुदान मिलेगा। न्यूनतम 100 वर्गमीटर और अधिकतम 300 वर्गमीटर तक की खेती के लिए अनुदान की व्यवस्था है। हर किसान को 11750 रुपये से लेकर 35250 तक सहायता राशि मिलेगी। लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी से होगा।
बिहार में प्रमुख रूप से नालंदा, नवादा, गया, औरंगाबाद, शेखपुरा, वैशाली और सारण जिलों में पान की खेती होती है।

डिप्टी सीएम सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि चौथे कृषि रोड मैप के अंतर्गत पान उत्पादक किसानों के लिए पान विकास योजना शुरू हुई है। राज्य स्कीम मद से वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2025-26 तक दो वर्षों के लिए योजना स्वीकृत है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 4.99 करोड़ राशि को मंजूरी मिली है।
इसके अतिरिक्त उद्यान निदेशालय किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए आधुनिक तकनीक से पान उत्पादन की जानकारी भी देगा।