केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मिथिलांचल धर्मशास्त्र, ज्योतिष, संगीत, साहित्य, व्याकरण और तंत्र ज्ञान का बहुत बड़ा केंद्र रहा है। मिथिला क्षेत्र को फिर से विद्या का धाम और संस्कृति का केंद्र बनाने की शुरुआत हो रही है।
उन्होंने कहा कि माता जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम मंदिर परिसर के समग्र विकास की नींव डालना न सिर्फ सीतामढ़ी, मिथिलांचल और बिहार बल्कि पूरे देश के लिए शुभ अवसर है। गृह मंत्री सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम मंदिर के विकास की वृहद योजना के शिलान्यास के बाद एक जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी थे। प्रमुख साधु-संतों की मौजूदगी में विधिपूर्वक भूमि पूजन कार्य संपन्न हुआ। 67 एकड़ जमीन में 883 करोड़ रुपये की योजना से पुनौराधाम मंदिर एवं परिसर का विकास होगा।

137 करोड़ राशि माता सीता के वर्तमान मंदिर के जीर्णोद्धार और 746 करोड़ परिक्रमा पथ और बाकी रचनाओं पर खर्च होगी। यहां परिक्रमा पथ, ध्यान केंद्रवाटिका, धार्मिक जल स्रोत, धर्मशाला, भोजनालय और चिकित्सा सुविधाएं होंगी। डिजिटल गैलरी में माता सीता का जीवन और रामायण कथा दिखाई जाएगी।
शिलान्यास के बाद गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।