मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हीरो हॉकी एशिया कप 2025 के शुभंकर ‘चांद’ और ट्रॉफी का अनावरण किया। पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण बिहार में पहली बार 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर खेल परिसर में होगा। मुख्यमंत्री ने एक अणे मार्ग से ट्रॉफी गौरव यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
17 अगस्त से शुरू हुई ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ चेन्नई, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड राज्यों से गुजरेगी।
हीरो हॉकी एशिया कप में भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीम शामिल होगी। टूर्नामेंट का विजेता हॉकी विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा। दक्षिण कोरिया ने अब तक सर्वाधिक 5 खिताब जीता है जबकि भारत और पाकिस्तान तीन-तीन बार चैंपियन रह चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में हीरो हॉकी एशिया कप 2025 का आयोजन गौरव की बात है। इससे राज्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता के साथ पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार की वैश्विक छवि को बल मिलेगा।
शुभंकर ‘चांद’ का नाम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद से प्रेरित है, जिन्होंने चांदनी रातों में अभ्यास कर हॉकी में इतिहास रचा। यह शुभंकर बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से भी प्रेरित है। टूर्नामेंट 29 अगस्त (राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती) से शुरू होगा।
इस मौके पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह एवं गोल कीपर पीआर सृजेश, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।