मुख्य समाचार

Mann Ki Baat में मुजफ्फरपुर की 'सोलर दीदी' देवकी की चर्चा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात की 125वीं कड़ी में मुजफ्फरपुर जिले की एक महिला देवकी की चर्चा की। देवकी बोचहा प्रखंड के रतनपुर गांव से हैं। वे क्षेत्र में 'सोलर दीदी' के नाम से चर्चित हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देवकी जी ने सोलर पंप से गांव की किस्मत बदल दी है। उनका जीवन आसान नहीं था। कम उम्र में शादी हो गई। छोटा सा खेत और चार बच्चों की जिम्मेदारी। भविष्य की कोई साफ तस्वीर नहीं, लेकिन उनका हौंसला टूटा नहीं। 

वे एक सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ीं और उन्हें सोलर पंप की जानकारी मिली। उनके सोलर पंप ने गांव की तस्वीर बदल दी। जहां पहले कुछ एकड़ में सिंचाई होती थी, अब 40 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में पानी पहुंच रहा है। 

इस अभियान में गांव के दूसरे किसान भी जुड़ गए। किसानों को कम लागत पर पानी मिल रहा है। अच्छी फसल से सबकी आमदनी बढ़ रही है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले देवकी जी की जिंदगी चहारदीवारी के भीतर सिमटी हुई थी, लेकिन आज वे पूरे आत्मविश्वास से अपना काम कर रही हैं। सोलर दीदी बनकर पैसे कमा रही हैं। करीब 112 किसानों के खेत में पानी पहुंच रहा है।  

दिलचस्प बात यह कि वे क्षेत्र के किसानों से यूपीआई के जरिए पेमेंट लेती हैं। उनकी मेहनत और दूरदर्शिता ने दिखा दिया है कि सौर ऊर्जा सिर्फ बिजली का साधन नहीं है, बल्कि यह गांव-गांव में नई रोशनी लाने वाली एक नई शक्ति भी है।

सोलर पावर से किसानों की जिंदगी भी बदल रही है। वही खेत, वही मेहनत, वही किसान, लेकिन अब मेहनत का फल कहीं ज्यादा है। ये बदलाव आ रहे हैं सोलर पंप और सोलर राइस मिल से। 
आज देश के कई राज्यों में सैकड़ों सोलर राइस मिल लग चुकी है। इन सोलर राइस मिलों से किसानों की आय बढ़ रही है ।
 


संबंधित खबरें