मुख्य समाचार

Pm Modi की अपील, हर व्यापारी गर्व से "यह स्वदेशी है" का बोर्ड लगाएं 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर कारोबारी से अनुरोध किया कि वे गर्व से "यह स्वदेशी है" का बोर्ड लगाएं। वोकल फॉर लोकल (स्थानीय उत्पाद) और मेड इन इंडिया उत्पादों पर जोर दें। उन्होंने भारत को आत्मनिर्भरता के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय भावना का स्मरण करते हुए दोहराया कि अब समय हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी अपनाने का है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह नया मंत्र आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने इस अभियान में महिलाओं से सहयोग देने का आग्रह किया। 

बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड के शुभारंभ के मौके पर प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। दिल्ली से उन्होंने 105 करोड़ रुपये की राशि जीविका निधि में ट्रांसफर की। 

इस कार्यक्रम में पटना से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। 

इस निधि का मकसद जीविका से जुड़े सामुदायिक सदस्यों को कम ब्याज दर पर आसानी से धन उपलब्ध कराना है। इससे महिलाओं को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। निधि के संचालन के लिए बिहार और केंद्र सरकार राशि देगी। 

यह प्रणाली पूरी तरह डिजिटल है। इससे जीविका दीदियों के खातों में राशि शीघ्र पहुंचेगी। इसके लिए 12,000 सामुदायिक कार्यकर्ताओं को टैबलेट दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं की कठिनाइयों को दूर करने का निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने राष्ट्र सेवा की यात्रा में अपनी मां की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया। 
 


संबंधित खबरें