खेती कार्य से जुड़े उपकरण, मशीन और ट्रैक्टर 22 सितंबर से सस्ते हो जाएंगे। वर्तमान में कृषि सामान पर जीएसटी 18 और 12 प्रतिशत है। 22 सितंबर से यह घटकर 5 प्रतिशत हो जाएगा।
किसानों को जीएसटी में कमी का लाभ दिलाने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यंत्र निर्माताओं के साथ बैठक की। बैठक में कृषि सचिव डॉ देवेश चतुर्वेदी, ट्रैक्टर एवं मशीनीकरण संघ, कृषि मशीनरी निर्माता संघ, अखिल भारतीय हार्वेस्टर निर्माता संघ और पावर टिलर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने मशीन निर्माता संघों से कहा कि 22 सितंबर से जीएसटी की घटी दर का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाएं। इसमें बिचौलियों की भूमिका नहीं होनी चाहिए। किसानों की आमदनी बढ़े। इसके लिए उत्पादन बढ़ाना और लागत कम करना जरूरी है।
ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, थ्रेसर और छोटी मशीनों की खेती में जरूरत होती है। ये उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने में मददगार हैं। जीएसटी दरों में सुधार एक बड़ा कदम है। इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों तक जीएसटी दरों में कमी की जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। कस्टम हायरिंग सेंटर को भी सस्ती मशीनें मिलेंगी। इससे किराया कम होगा। 3 अक्टूबर से विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान भी जीएसटी कम होने की जानकारी मिलेगी।