पटना के राजेंद्र नगर में बने एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। 21 एकड़ में फैले इस साइंस सिटी में विज्ञान आधारित 5 गैलरी, 269 रोचक प्रदर्शनी, ऑडिटोरियम, 4 डी थियेटर, छात्र एवं शिक्षकों के लिए डोरमेट्री की सुविधा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस सिटी बहुत अच्छा बना है। लंदन साइंस सिटी को भी हमने देखा था। पटना साइंस सिटी के निर्माण को लेकर कई विशेषज्ञों से राय ली गई है। इसे खास आइडिया के साथ बनाया गया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी को समझने के लिए यह आकर्षक केंद्र होगा।

पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए सीएम ने कहा कि उनके नाम पर इस साइंस सिटी का नामकरण हुआ है। भारत रत्न डॉ कलाम का बिहार से विशेष लगाव था।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह, विधान परिषद के उप सभापति डॉ रामवचन राय एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।