मुख्य समाचार

बिहार की महिला रोजगार योजना का पीएम मोदी ने किया शुभारंभ 

बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया। इस योजना के अंतर्गत राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में प्रति लाभुक दस हजार की दर से 7500 करोड़ राशि भेजी गयी।

एक अणे मार्ग से इस योजना की लांचिंग के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह मौजूद रहे। 

पश्चिम चंपारण, भोजपुर, गयाजी और पूर्णिया जिलों से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की चार लाभुकों ने अपने अनुभव साझा किए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक भाई को सच्ची खुशी तब मिलती है जब उसकी बहन स्वस्थ, समृद्ध और उसका परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हो। आज दो भाई मैं और नीतीश कुमार बिहार की महिलाओं की सेवा, समृद्धि और सम्मान के लिए काम कर रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार में कम से कम एक महिला लाभार्थी होगी। शुरू में दस हजार रुपये की वित्तीय सहायता उद्यम की सफलता के आधार पर दो लाख रुपये तक पहुंच सकती है।

इस राशि से बिहार की महिलाएं अब किराने का सामान, बर्तन, सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने और स्टेशनरी की दुकानें खोल सकती हैं। वे पशुपालन और मुर्गीपालन का भी व्यवसाय कर सकती हैं। इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में पहले से ही स्वयं सहायता समूह का एक मजबूत नेटवर्क है। इसमें लगभग 11 लाख समूह सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। केंद्र सरकार की मुद्रा योजना, ड्रोन दीदी, बीमा सखी और बैंक दीदी अभियान जैसी पहल महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ा रही हैं।   

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत शेष महिलाओं को लाभ देने के लिए तिथि निर्धारित कर दी गयी है। अगली तिथि 3 अक्टूबर है। जो महिलाएं इस योजना से जुड़ेंगी, उन्हें इसका लाभ मिलेगा। 
 
 


संबंधित खबरें