बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पटना जिला प्रशासन ने साइकिल रैली का आयोजन किया। जेपी गंगा पथ पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, एनसीसी-एनएसएस कैडेट, दिव्यांगजन, छात्र-छात्रा, सिविल सोसाइटी के सदस्य एवं अधिकारी शामिल हुए।
बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान का लक्ष्य 66 प्रतिशत है। रैली की शुरुआत जेपी गंगापथ के रोटरी गोलंबर के समीप हुई। लगभग 9 किमी की दूरी तय कर कृष्णा घाट पर समाप्त हुई।
पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, डीएम डॉ त्यागराजन एसएम, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा; नगर आयुक्त यशपाल मीणा, पुलिस अधीक्षक यातायात अपराजित लोहान, डीडीसी समीर सौरभ एवं अन्य वरीय अधिकारियों ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सभी अधिकारी साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुए। प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए पटना जिला का हर मतदाता अवश्य वोट करेगा का संदेश दिया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि हम सबका कर्तव्य है कि निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने सभी पटनावासियों से 6 नवंबर को मतदान करने की अपील की।