मुख्य समाचार

उद्योग मंत्री का जमीन अधिग्रहण और आधारभूत संरचना के विकास पर जोर

उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने निवेशकों की सुविधा के लिए जमीन अधिग्रहण, विभागीय प्रक्रिया सरल करने और आधारभूत संरचना के विकास पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स, एमएसएमई और निर्यात को बढ़ावा देकर बिहार को औद्योगिक एवं इनोवेशन सेंटर के रूप में विकसित करना है। 

दिलीप जायसवाल उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, निदेशक मुकुल गुप्ता एवं शेखर आनंद, बियाडा के एमडी कुंदन कुमार मौजूद रहे। 

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि स्टेट इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एसआईपीबी) के माध्यम से अब तक एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे बड़ी संख्या में रोजगार का सृजन होगा। 

खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग, ऊर्जा, टेक्सटाइल, आईटी, लघु विनिर्माण, पर्यटन और स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से निवेश आ रहे हैं। स्टार्टअप्स में बिहार अन्य राज्यों की तुलना में आगे है। 

उद्योग मंत्री ने आईएमसी गयाजी, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क, मेगा फूड पार्क और सेज जैसी महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने राज्य सरकार की  योजनाओं के माध्यम से युवा और उद्यमियों को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, बाजार एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
 


संबंधित खबरें