मुख्य समाचार

Made in Bihar प्रोडक्ट खरीदेगी राज्य सरकार

बिहार में बने उत्पादों को सरकारी खरीद में प्राथमिकता मिलेगी। मानक के अनुरूप होने पर 25 प्रतिशत प्रोडक्ट बिहार सरकार खरीदेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निवेशकों को यह भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की खरीद नीति को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए उसमें संशोधन हो रहा है। बाजार उपलब्ध कराने में भी सरकार मदद करेगी।

मुख्यमंत्री ताज सिटी सेंटर में राइजिंग बिहार इन्वेस्टर समिट 2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के इन्वेस्टर समिट में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया। 

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार पूरा सहयोग देगी। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में अच्छा काम हो रहा है। इनकी मजबूत इच्छाशक्ति से बिहार समृद्ध और विकसित बनेगा।

सीएम सम्राट ने इन्वेस्टर समिट में बताया कि राज्य में उद्योगों के लिए सड़क, बिजली, पानी और आवश्यक आधारभूत संरचनाओं को विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार निवेशकों को हर सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। होटल, पर्यटन और ईको टूरिज्म क्षेत्र में भी निवेश की काफी संभावनाएं हैं। पटना, गया और विभिन्न जगहों पर होटल एवं अन्य पर्यटन परियोजनाओं को प्रोत्साहन मिल रहा है।

14 करोड़ की आबादी वाला बिहार देश के लिए बड़ा बाजार है। सरकार का लक्ष्य राज्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना है ताकि बिहार के लोगों को काम के लिए दूसरे राज्य नहीं जाना पड़े। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़क नेटवर्क का काफी विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे के विकास पर काम हो रहा है। बिहार में सड़कों का नेटवर्क लगभग 1.5 लाख किलोमीटर हो गया है। राज्य में बिजली की उपलब्धता 10 हजार मेगावाट से अधिक है। सरकार का लक्ष्य अगले 5 वर्षों में इसे बढ़ाकर 20 हजार मेगावाट करने का है। बिजली की वितरण क्षमता और मजबूत हो रही है। 

समिट में देश-विदेश से आए निवेशक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, उद्योग सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय सिंह एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेे।
 


संबंधित खबरें