नई दिल्ली/एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब नोटबंदी की घोषणा की, तो यह कहते हुए उनकी काफी आलोचना की गई कि ब्लैक मनी कैश नहीं, अचल संपत्ति के जरिए जमा की जाती है। हालांकि सरकार यह कहती रही है कि नोटबंदी ब्लैक मनी के खिलाफ एक कदम है और ऐसे और कई उपाय किए जाएंगे।
ब्लैक मनी के खिलाफ सरकार एक और बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है और इस बार निशाने पर प्रॉपर्टी है। पहली बार एक केंद्रीय मंत्री ने इशारा किया है कि प्रॉपर्टी को आधार से जोड़ना अनिवार्य किया जाएगा। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप पुरी ने एक चैनल को दिए साक्षात्कार में बताया कि इसमें कोई शक नहीं है कि यह कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से रियल एस्टेट से ब्लैक मनी खत्म होने के साथ बेनामी संपत्ति पर भी प्रहार होगा। आधार को प्रॉपर्टी से जोड़ना बहुत अच्छा विचार है, लेकिन इस पर मैं घोषणा नहीं करने जा रहा हूं। हम बैंक अकाउंट्स आदि को आधार से जोड़ रहे हैं और हम प्रॉपर्टी मार्केट के लिए अतिरिक्त कदम उठा सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार इशारा कर चुके हैं कि सरकार बेनामी संपत्ति पर प्रहार करेगी। आधार लिंकिंग इस मुहिम का एक हिस्सा हो सकता है।