मुख्य समाचार

हाउसिंग सेक्टर के लिए दस हजार करोड़ रुपये की घोषणा    

नई दिल्ली । अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तीसरा बूस्टर डोज दिया। रोजगार और मांग की दृष्टि से महत्वपूर्ण हाउसिंग क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए दस हजार करोड़ रुपये की विशेष सुविधा की घोषणा की गई। यह सहायता ऐसी परियोजनाओं को मिलेगी जो एनसीएलटी में जाने या एनपीए घोषित होने से बची हुई हैं। ऐसे हाउसिंग प्रोजेक्ट जिनका आधे से अधिक काम हो चुका है, लेकिन पूंजी के अभाव में अधूरा है। उनके लिए सरकार दस हजार करोड़ रुपये का प्रावधान कर रही है। इतनी ही राशि बाहरी निवेशक भी लगा सकेंगे। 

वित्त मंत्री ने कहा कि इससे किफायती तथा मध्य आय वर्ग के लिए बन रही आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। इस कोष का प्रबंधन पेशेवर करेंगे। वित्तमंत्री ने कहा कि भवन निर्माण के लिए कर्ज पर ब्याज दर कम किया जायेगा। इन पर ब्याज दर को 10 साल की सरकारी प्रतिभूतियों के यील्ड (निवेश-प्रतिफल) से जोड़ा जायेगा। इससे सरकारी कर्मचारियों को फायदा होगा।  डेवलपरों को विदेश से पूंजी जुटाने में मदद के लिए विदेश से लिये जाने वाले वाणिज्यिक ऋण से संबंधित दिशा-निर्देश भी आसान बनाये जायेंगे।

चार शहरों में मेगा शॉपिंग फेस्टिवल : निर्यात को बढ़ावा देने के लिए दुबई शॉपिंग फेस्टिवल की तरह देश में मेगा शॉपिंग फेस्टिवल की घोषणा की गई। मार्च 2020 में चार शहरों में मेगा शॉपिंग फेस्टिवल का आयोजन होगा। शॉपिंग फेस्टिवल का आयोजन जेम्स एंड ज्वेलरी, योग एवं टूरिज्म, टेक्सटाइल एवं लेदर क्षेत्र में होगा।
 


संबंधित खबरें