मुख्य समाचार

जमीन लगान अगले वित्त वर्ष से सिर्फ ऑनलाइन होगा जमा 

पटना। जमीन का लगान अगले वित्त वर्ष (2020-21) से पूरी तरह ऑनलाइन जमा होगा। लगान की राशि क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड से भी स्वीकार की जायेगी। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने यह निर्देश राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में दी। साथ ही भूमि अर्जन के प्रत्येक चरण की कार्रवाई एवं जमीन मालिकों को किये जाने वाले भुगतान को कंप्यूटराइज्ड करने का भी निर्देश दिया। भविष्य में जमीन मालिकों के मुआवजा का भुगतान सीएफएमएस प्रणाली से जुड़ जायेगा।

डिप्टी सीएम ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण दाखिल-खारिज में काफी तेजी आई है। 2017-18 में दाखिल-खारिज के लिए जहां 13.41 लाख याचिकाएं थीं, वहीं 2019-20 में 25.25 लाख याचिकाएं प्राप्त हुईं। 15 जनवरी 2020 तक 16.25 लाख (करीब 64 प्रतिशत) का निपटारा किया जा चुका है। शेष का शीघ्र निष्पादन प्रक्रियाधीन है। 3.56 करोड़ जमाबंदी को डिजिटाइज्ड कर बिहार सरकार की वेबसाइट पर प्रकाशित किया जा चुका है।

15 जनवरी 2020 तक 18.16 लाख भूधारियों ने ऑनलाइन लगान जमा किया। इससे 29.89 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। सूबे के हर अंचल में इस साल फरवरी के अंत तक चार डाटा इंट्री ऑपरेटर की सेवा उपलबध करा दी जायेगी। इससे काम में तेजी आयेगी। 

समीक्षा बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव विवेक सिंह, वित्त सचिव राहुल सिंह के अलावा विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद थे।


संबंधित खबरें