मुख्य समाचार

बिहार में ATF पर 25 प्रतिशत कम हुआ वैट, सस्ती होगी हवाई यात्रा 

VAT on ATF in Bihar : बिहार सरकार ने एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) पर वैट की दर 29 प्रतिशत से घटाकर 4 प्रतिशत कर दी है। राज्य में हवाई सेवाओं को प्रोत्साहन देने और निवेश के माहौल को बेहतर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

डिप्टी सीएम सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि पहले केवल रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) के तहत वैट की दर 1 प्रतिशत और गया एयरपोर्ट के लिए 4 प्रतिशत थी। आरसीएस को छोड़कर अब 4 प्रतिशत की सुविधा सभी एयरपोर्ट पर मिलेगी। 

राज्य सरकार के वैट की दर 4 प्रतिशत करने के निर्णय से बिहार भी उन राज्यों की श्रेणी में आ जाएगा, जिन्होंने पहले ही एटीएफ पर वैट घटाकर हवाई यातायात को विस्तार देने में सफलता प्राप्त की है। 

बिहार में एटीएफ पर लागू वैट 29 प्रतिशत उतर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र राज्यों की तुलना में अधिक थी। इससे वायुयान कंपनियां उन्हीं राज्यों में ATF की खरीद करती थीं, जहां वैट की दर कम है। 

स्टेट जीएसटी (वाणिज्य-कर विभाग) के आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 में एटीएफ से कुल वैट संग्रह 62.28 करोड़ और 2024-25 में 71.67 करोड़ रुपए था। डिप्टी सीएम ने कहा कि वैट कम करने का निर्णय बिहार को निवेश और पर्यटन की दृष्टि से एक नई ऊंचाई तक ले जाएगा। 


संबंधित खबरें