मुख्य समाचार

Bihar : बुजुर्ग अब घर से ही जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री कर सकेंगे

बिहार के 80 वर्ष और अधिक उम्र के बुजुर्ग अब घर से ही जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री कर सकेंगे। राज्य सरकार यह व्यवस्था1 अप्रैल 2026 से शुरू करने जा रही है। 

इसके लिए मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट काम करेगी। यह यूनिट निर्धारित समय में रजिस्ट्रेशन से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्री की प्रक्रिया 7 कार्य दिवस में पूरी होगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कई बार देखा गया है कि राज्य के वृद्धजन, जिनकी उम्र 80 वर्ष और उससे ज्यादा है। उन्हें जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री से जुड़े काम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में 80 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वृद्धजनों के लिए रजिस्ट्री की प्रक्रिया सरल की जा रही है। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि जमीन खरीदने के इच्छुक व्यक्ति को संबंधित जमीन के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं होती है। इस कारण उन्हें परेशानी होती है। इसे ध्यान में रखते हुए जमीन की रजिस्ट्री से पहले पूरी जानकारी क्रेता और विक्रेता को देने की व्यवस्था की जा रही है। 

इस व्यवस्था के तहत आवेदन करने के बाद निबंधन विभाग अंचल कार्यालय से जमीन की जानकारी प्राप्त कर क्रेता और विक्रेता को उपलब्ध कराएगा। 

राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living) का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाना है। 


संबंधित खबरें