मुख्य समाचार

काॅरपोरेट एफडी में करें निवेश, पाएं अधिक रिटर्न

पटना । हर निवेशक की इच्छा होती है कि उसे अपनी जमा पर अधिक रिटर्न मिले व निवेश भी सुरक्षित रहे। वैसे शेयर व म्यूचुअल फंड में निवेश फायदेमंद होता है, लेकिन इनमें जोखिम भी है। फिर बारी आती है बैंक व डाकघर में निवेश की। विगत एक साल से बैंक व डाकघरों की जमा योजनाओं पर लगातार कैंची चल रही है।

एक अप्रैल 2016 से वित्त मंत्रालय हर तिमाही डाकघर की बचत योजनाओं कीे समीक्षा कर रहा है और उसी के आधार पर ब्याज तय हो रहा है। स्थिति यह है कि ब्याज लगातार घट रहा है। फिलहाल डाकघरों में एक साल की एफडी पर 6.8 व पांच सालपर 7.6 फीसदी का ब्याज मिल रहा है।

एसबीआई एक साल की एफडी पर 6.25 व पांच साल पर 5.50 प्रतिशत ब्याज दे रहा है। बावजूद बैंक एफडी से अधिक रिटर्न डाकघर की जमा योजनाओं पर मिल रहा है। ऐसी स्थिति में चुनिंदा काॅरपोरेट एफडी बीच का रास्ता हो सकता है। जहां अधिक रिटर्न है। इन कंपनियों की विश्वसनियता इनकी रेटिंग है। क्रिसिल व रेटिंग देने वाली एजेंसियां हैं। पेश है  ’ बिहार कारोबार ’ की एक रिपोर्ट । 

श्री राम ट्रांसपोर्ट फिनांस लिमिटेड : वाहनों को फाइनेंस करने वाली दक्षिण भारत की मशहूर यह कंपनी एनबीएफसी के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से काम कर रही है। इस कंपनी की जमा योजनाओं की रेटिंग उच्च स्तर की है। क्रिसिल ने एफएएए व इक्रा ने एमएए की रेटिंग दी है। एफडी में निवेश पर ब्याज लेने का मासिक ,तिमाही, छमाही व वार्षिक विकल्प है। न्यूनतम निवेश दस हजार रुपये है। अवधि एक से पांच साल की है। न्यूनतम ब्याज दर 7.49 व अधिकतम 8.25 प्रतिशत है। वरीय नागरिकों को 0.25 फीसदी अधिक ब्याज की सुविधा है।

बजाज फिनांस : बाईक निर्माण के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुकी बजाज कंपनी की एफडी भी एक से पांच वर्षों के लिए है। क्रिसिल ने एफएएए व इक्रा ने एमएएए की रेटिंग दी है। एफडी पर न्यूनतम निवेश 25000 रुपये है। एक साल का ब्याज दर 7.60 जबकि पांच साल के लिए 7.85 प्रतिशत है। वरीय नागरिकों को 0.25 फीसदी अधिक ब्याज मिलेगा।

एचडीएफसी : निजी क्षेत्र का प्रमुख बैंक एचडीएफसी एक से पांच वर्षों के लिए एक समान 7.40 प्रतिशत ब्याज दर दे रहा है। क्रिसिल ने एफएएए स्टेबल की रेटिंग दी है। न्यूनतम निवेश 20000 रुपये है। 

महिंद्रा एंड महिंद्रा फिनांशियल : चार पहिया वाहन बनाने वाली व वाहनों को लोन देने वाली कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा फिनांशियल की एफडी को क्रिसिल ने एफएएए की रेटिंग दी है। एफडी में निवेश की न्यूनतम राशि 10000 रुपये है। न्यूनतम ब्याज दर एक साल के लिए 7.50 व पांच वर्ष के लिए अधिकतम 7.55 फीसदी है। वरीय नागरिकों को 0.25 फीसदी अधिक ब्याज मिलेगा।

पीएनबी हाउसिंग फिनांस : घर निर्माण के लिए लोन देने वाली कंपनी पीएनबी हाउसिंग फिनांस का एफडी एक से पांच वर्षों के लिए है। क्रिसिल की रेटिंग एफएएए है। न्यूनतम ब्याज दर 7.25 जबकि अधिकतम 7.40 प्रतिशत है। जमा करने की न्यूनतम राशि 20000 रुपये है। 


संबंधित खबरें