मुख्य समाचार

बिग बुल राकेश झुनझुनवाला नहीं रहे, पांच हजार रुपए से शुरू किया था निवेश

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में बिग बुल नाम से मशहूर राकेश झुनझुनवाला का निधन रविवार की सुबह हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। 62 वर्षीय राकेश झुनझुनवाला की मौत हृदय गति रुकने से हुई है। वह किडनी एवं मधुमेह रोग से भी पीड़ित थे।

भारत के वारेन बफे के नाम से भी मशहूर राकेश अपने पीछे एक बड़ा कारोबारी साम्राज्य छोड़ गए हैं। उनकी कुल नेटवर्थ करीब 46 हजार करोड़ रुपए है। हाल ही में अकासा एयरलाइंस में भी उन्होंने निवेश किया है। झुनझुनवाला ने 1985 में पांच हजार रुपए से निवेश शुरू किया था। हर्षद मेहता घोटाला के बाद उन्होंने शॉर्ट सेलिंग से काफी मुनाफा कमाया।  

बिग बुल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं कई उद्योगपतियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा है कि राकेश झुनझुनवाला अदम्य थे। जीवन से भरपूर, मजाकिया और व्यावहारिक, उन्होंने वित्तीय जगत में एक अमिट योगदान दिया। वह भारत की प्रगति के प्रति भी बेहद भावुक थे। उनका निधन दुःखद है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।

गृह मंत्री ने कहा कि राकेश झुनझुनवाला जी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनके विशाल अनुभव और शेयर बाजार की समझ ने अनगिनत निवेशकों को प्रेरित किया। उन्हें हमेशा उनके बुलिश आउटलुक के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।

 


संबंधित खबरें