पटना। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने राष्ट्रीय स्तर पर सभी जिलों में निधि आपके निकट 2 कार्यक्रम शुरू किया है। पटना के ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय ने बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज परिसर से इसकी शुरुआत की।
बिहार एवं झारखंड क्षेत्र के अपर भविष्य निधि आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि ईपीएफओ ने निधि आपके निकट 2 कार्यक्रम के माध्यम से देश के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर डिस्ट्रिक्ट आउटरीच कार्यक्रम शुरू किया है। राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की सचिव आरती आहूजा ने किया है। बिहार में इसकी शुरुआत चैंबर ऑफ कॉमर्स से की जा रही है।
अपर भविष्य निधि आयुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम में ईपीएफओ के सदस्यों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। यदि किसी समस्या का तत्काल समाधान नहीं निकल पाता है, तो उसे ईपीएफओ की शिकायत पोर्टल पर दर्ज कर समाधान किया जाएगा।
निधि आपके निकट 2 कार्यक्रम हर महीने की 27 तारीख को संचालित किया जाएगा। यदि किसी माह की 27 तारीख को अवकाश होता है तो इसे अगले कार्य दिवस पर आयोजित किया जाएगा । चैंबर ने कहा कि ईपीएफओ की पहल प्रसंशनीय है। इससे नियोक्ता एवं कर्मचारियों की समस्याओं को बहुत हद तक दूर करने में सफलता मिलेगी ।
अजित कुमार, ओंकार नाथ, आरएन ठाकुर, आशीष प्रसाद, रंधीर सिंह एवं चैंबर की श्रम उप समिति के संयोजक सुधि रंजन ने ईपीएफओ से संबंधित मुद्दों पर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। चैंबर से विशाल टेकरीवाल, सुभाष कुमार पटवारी, पशुपति नाथ पांडेय, सुबोध जैन, राकेश कुमार, आशीष प्रसाद एवं अजय गुप्ता के साथ बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए ।