मुंबई/एजेंसी। शेयर और म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए जल्द ही आधार को अनिवार्य बनाया जा सकता है। सरकार और सेबी आधार कार्ड को फाइनेंशियल मार्केट ट्रांजैक्शन से लिंक करने की योजना बना रहे हैं। उनका मानना है कि इससे शेयर बाजार के जरिये काले धन को सफेद बनाने के खेल को रोकने में मदद मिलेगी। सूत्रों ने बताया कि सरकार को अहसास हो चुका है कि पैन टैक्स चोरी रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसलिए वह आधार पर दांव लगा रही है। अभी ब्रोकरों या म्यूचुअल फंड कंपनियों को आधार नंबर नहीं बताना होता और निवेशकों की पहचान पैन के जरिए होती है। सेबी के बड़े अधिकारियों ने कुछ मार्केट इंटरमीडियरी को इस बारे में अनौपचारिक तौर पर जानकारी दी है। सरकार पहले आधार को पैन, बैंक अकाउंट और मोबाइल फोन से लिंक करने की बात कह चुकी है।