नयी दिल्ली/एजेंसी। डाक विभाग ने संपूर्ण बीमा ग्राम योजना की शुरुआत की। साथ ही पेशेवरों के लिए डाक जीवन बीमा के दायरे को बढ़ा दिया। इससे पहले यह सरकारी और अर्धसरकारी कर्मचारियों के लिए ही उपलब्ध था। विभाग ने यह कदम वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा लोगों को किफायती जीवन बीमा उपलब्ध कराने के तहत किया है। संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने दोनों मुहिम की शुरुआत की।
नयी संपूर्ण बीमा ग्राम योजना के तहत देश के हर जिले से कम से कम एक गांव का चयन किया जाएगा। चयनित गांव के हर परिवार को इस योजना के तहत कम से कम एक ग्रामीण डाक बीमा योजना से जोड़ा जाएगा।
दूसरी मुहिम के तहत डाक जीवन बीमा के दायरे को बढ़ा गया है। अब यह पेशेवरों, बीएसई एवं एनएसई में सूचीबद्ध कंपनियों के कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध होगा। इससे पहले यह सरकारी और अर्धसरकारी कर्मचारियों के लिए ही उपलब्ध था। संचार मंत्री ने कहा कि योजना के दायरे को विस्तृत किया गया है ताकि डाक जीवन बीमा के तहत अधिक से अधिक लोगों को लाया जा सके। उन्होंने कहा कि निजी कंपनियों की योजनाओं से अलग डाक विभाग की योजनाओं का प्रीमियम कम तथा बोनस अधिक होता है।